झांसी। मुन्नालाल पावर हाउस के सामने बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि दो मंजिला किराना स्टोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। करीब तीन घंटे बाद आठ फायर टेंडर आग पर काबू पा सके। दुकान मालिक के अनुसार करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सीपरी बाजार थानांतर्गत ग्वालियर रोड पर मुन्नालाल पावर हाउस के सामने बजरंग किराना स्टोर है, जिसके गोदाम दूसरी मंजिल और अंडरग्राउंड हाल में हैं। दुकान स्वामी जय प्रकाश पुत्र किशन लाल महाजन ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब तीन बजे नजदीक के एक दुकान के चौकीदार ने फोन करके सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है।
जब वह पहुंचे तो दुकान के अंदर से ऊंची लपटें उठ रहीं थीं, जिसने दूसरी मंजिल पर बने गोदाम को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आठ फायर टेंडर की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक सारा सामान जल गया।
दमकल कर्मियों का अनुमान है कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी। वहीं, दुकान स्वामी ने बताया कि आग से करीब 40 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। पीड़ित दुकान स्वामी ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।