अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान में बृहस्पतिवार को डिजिटल मार्केटिंग, मीडिया अपीयरेंस और जनसंपर्क रणनीति पर छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में प्रमुख वक्ता सुमित नायक ने बताया कि आज के युग में सफल राजनीतिक अभियान के लिए डिजिटल माध्यमों की गहरी समझ जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि प्रभावशाली ग्राफिक या वीडियो क्लिप मतदाताओं के मन पर गहरी छाप छोड़ सकती है। किसी भी नेता या पार्टी की छवि बनाने में डिजिटल उपस्थिति और मीडिया से संवाद की शैली महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जनमत को प्रभावित करने के लिए डिजिटल टूल्स, डेटा एनालिटिक्स व टार्गेट ऑडियंस एनालिसिस की तकनीकों का भी जिक्र किया।
छात्रों ने ग्रुप प्रोजेक्ट के रूप में वर्चुअल राजनीतिक अभियान तैयार करने का अभ्यास किया। इसमें ग्राफिक्स, सोशल मीडिया पोस्ट्स आदि शामिल थी। समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यशाला न केवल राजनीतिक संचार की बारीकियों से परिचित करा रही है, बल्कि डिजिटल युग की राजनीतिक रणनीति के लिए तैयार भी कर रही है। इस दौरान डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, डॉ. जय सिंह, गोविंद यादव, डॉ. अभिषेक कुमार, अतीत विजय, ऋषि विजय आदि मौजूद रहे।