गरौठा । श्रावण मास में भगवान शिव के जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में नगर के आंबेडकर नगर और राजेंद्र नगर से गए 130 कांवड़ियों का जत्था ओरछा की बेतवा नदी से जल भरकर गरौठा लौटा। नगर आगमन पर बड़ी माता मंदिर और हनुमान गढ़ी मंदिर के पास गरौठा खुर्द के लोगों ने कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया।
यह कांवड़ यात्रा 21 अगस्त को ओरछा के लिए रवाना हुई थी, जहां सभी शिव भक्तों ने राजा राम सरकार के दर्शन कर कांवड़ में जल भरा और पैदल गरौठा के लिए प्रस्थान किया। जैसे ही जत्था नगर में दाखिल हुआ, स्वागत के लिए भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का अभिनंदन किया और ''हर-हर महादेव'' के उद्घोष से पूरा नगर शिवमय हो गया।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नगर की महिलाएं और बच्चे डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए साथ चल रहे थे। वहीं, कानपुर से आए शिवशक्ति पार्टी के कलाकारों ने भगवान शिव, माता पार्वती और हनुमान जी की भव्य झांकियां सजाईं, जिनके दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
ग्राम मढ़ा से लेकर गरौठा तक जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों को मिष्ठान और पेयजल वितरित किया, जबकि छतों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद कांवड़ियों की टोली लखेरी नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंची, जहां शिवभक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। अनुष्ठान के समापन पर मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।