झांसी। बुधवार को बैंक, एलआईसी, बिजली, आयकर, डाक विभाग व बीएचईएल के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे इन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कामकाज ठप बना रहा। लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी बैंकों की हड़ताल की वजह से हुई। जमा - निकासी व बैंकिंग कार्य नहीं हो पाए। एक ही दिन में बैंकों का लगभग सत्तर करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। वहीं, बीएचईएल में भी कामकाज बुरी तरह से प्रभावित रहा। भेल के साढ़े बारह सौ में से आठ सौ कर्मचारी हड़ताल पर रहे। भारतीय जीवन बीमा निगम की शाखाओं में भी तालाबंदी की स्थिति रही। बिजली कर्मचारी व आयकर कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। इस दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने सभा कर सरकारी नीतियों को कोसा। हालांकि, एसबीआई व इंडियन ओवरसीज बैंक के कर्मचारी हड़ताल से दूर रहे। इन बैंकों में कामकाज सुचारु रूप से जारी रहा।
बैंक कर्मियों भरी हुंकार, सरकारी नीतियों को कोसा
झांसी। बैंक कर्मचारियों की सभा इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा में हुई, जिसमें कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा।
एबीएसए के राष्ट्रीय सह महासचिव अशोक महावर ने कहा कि महंगाई पर रोक लगाई जाए व रोजगार सृजन किए जाएं। कर्मचारियों को नौकरी व वेतन के अधिकार की गारंटी दी जाए तथा आउट सोर्सिंग बंद की जानी चाहिए। इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस के बृजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एबीएसए के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, कॉर्पोरेशन बैंक के मुकेश श्रीवास्तव ने भी विभिन्न मांगें रखीं।
अध्यक्षता बृजेंद्र श्रीवास्तव ने की। इस मौके पर अमित साहू, दीपेश माहौर, अजय राठौर, श्याम मुखरैया, अंजली सिंह अहिरवार, अंबर, भरत कुमार, कपिल, राहुल सिंह, मनोज कुमार, अनिल कुमार, प्रभुदयाल, ह्देश शर्मा, विवेक सेन, चंद्रप्रकाश, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
बोले बिजली कर्मचारी, जारी रखी जाए रियायत
झांसी। नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी इंपलाइज एवं इंजीनियर्स के आह्वान पर बुधवार को बिजली विभाग के कर्मचारी व अभियंता हड़ताल पर रहे। इस दौरान जिला मुख्यालय पर जमा हुए हड़ताली कर्मचारियों ने सरकारी विरोधी नारे लगतो हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि सभी बिजली निगमों को एक किया जाए। पुरानी पेंशन बहाल की जाए, बिजली कर्मचारियों को मिल रही रियायती बिजली की सुविधा पूर्णत: बहाल रखी जाए। इसके अलावा अन्य मांगें भी रखीं।
सभा की अध्यक्षता इं. शोभित दीक्षित ने की। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता राकेश वार्ष्णेय समेत जेपीएन सिंह, संजीव प्रभाकर, सुनील कुमार, अमित सक्सेना, वरुण चतुर्वेदी, रवि निरंजर, सुमंत चतुर्वेदी, कुलदीप कुमार, निशीत श्रीवास्तव, मनोज शर्मा, नंदिनी मजूमदार, चारू यादव, सुमन आदि मौजूद रहीं। संचालन व आभार राम अवतार सिंह ने जताया।
आयकर कर्मियों ने मांगी वेतन वृद्धि
झांसी। हड़ताल के दौरान आयकर कार्यालय पर कर्मचारियों की सभा हुई। इस दौरान आयकर कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष प्रदीप सिंह व सचिव देवेंद्र चौहान ने पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, वेतन वृद्धि करने, अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने, रिक्त पदों पर भर्ती करने, नौकरी में कम से कम पांच पदोन्नति देन समेत अन्य मांगें रखीं। हड़ताल की वजह से आयकर कार्यालय में कामकाज ठप रहा।
हड़ताल से परेशान हुई जनता
..........................................
फोटो...
नकदी की तत्काल आवश्यकता थी। एटीएम से पर्याप्त पैसा मिल नहीं रहा है, जिससे बैंक शाखा से पैसा निकालने आए थे, परंतु हड़ताल की वजह से मिल नहीं पाया। पैसा न मिलने से परेशानी हुई।
- राजू वर्मा, खातीबाबा
फोटो...
हड़ताल से पहले कर्मचारियों को आम आदमी की समस्या के बारे में भी सोचना चाहिए। नकदी जमा करनी थी। बैंक में ताला लटका मिला। अब बृहस्पतिवार को दुबारा आना होगा।
- साकेत गुप्ता, मानिक चौक
फोटो...
समय निकालकर बिजली का बिल जमा करने गया था, लेकिन काउंटर बंद मिला, जिससे बुधवार को जमा नहीं हो पाया। अब फिर से आना होगा।
- राहुल बिलगैंया, सीपरी बाजार
फोटो...
कभी डाक्टर हड़ताल पर चले जाते हैं, तो कभी कर्मचारी। इससे आम जनता के साथ - साथ देश का काम भी प्रभावित होता है। हड़ताल पर रोक लगाई जानी चाहिए।
- मो. इम्तियाज, छनियापुरा