झांसी। 26 दिन बाद सोमवार से सरकारी दफ्तरों में कामकाज शुरू होगा। हालांकि, पब्लिक डीलिंग के काम नहीं होंगे। कर्मचारियों की संख्या भी सीमित रहेगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के कार्यों की शुरुआत होगी, वहीं फोरलेन सड़क परियोजना के भी रुके पड़े काम रफ्तार पकड़ेंगे। गर्मी को देखते हुए जल संसाधन से जुड़े काम भी होंगे।
कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार की ओर से 25 मार्च से 14 अप्रैल तक के लिए 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसके साथ ही जनजीवन पूरी तरह से थम गया था। लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया था। लेकिन, सोमवार से कुछ ढील दी जा रही है। बंद पड़े सरकारी दफ्तरों में कामकाज शुरू होगा। लेकिन, पब्लिक डीलिंग नहीं होगी। सिर्फ विभागीय कार्य ही निपटाए जाएंगे। इसमें रोस्टर के हिसाब से रोजाना तैंतीस फीसदी कर्मचारियों को ही बुलाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के बीच आपस में सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। कार्यालय में सभी को मास्क पहनकर अपने काम को संपादित करना होगा। इसके लिए रविवार को कार्यालयों को सेनेटाइज किए जाने का काम जारी रहा।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्यों की भी शुरुआत की जा रही है। इससे तकरीबन साढ़े तीन लाख मजदूरों को काम मिलेगा। सीमित कार्यों से शुरुआत की जाएगी। मजदूरों के बीच सामाजिक दूरी रखी जाएगी। इसके अलावा भी अन्य सभी नियमों का पालन किया जाएगा। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) भी झांसी - खजुराहो फोरेलेन का थमा कार्य शुरू करने जा रही है।
टोल टैक्स की शुरू हुई वसूली
झांसी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने लॉकडान के दौरान टोल टैक्स की वसूली रोक दी थी। टोल नाकों से बेरोकटोक वाहन गुजर रहे थे, परंतु रविवार - सोमवार की दरम्यानी रात 12 बजे से सभी नाकों पर टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी गई है।
इसमें अभी नहीं है कोई छूट
-----------------------
- बाजार बंद रहेंगे। किराना, सब्जी, फल, दूध, दवा आदि की दुकानें लॉकडाउन के दौरान निर्धारित किए गए समय पर ही खुलेंगी और बंद होंगी। अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
- ऑटो, बस, ट्रेन आदि सभी सार्वजनिक परिवहन के साधनों के पहिये पहले की तरह थमे रहेंगे।
- लोग अपनी निजी दुपहिया व चौपहिया गाड़ी नहीं चला सकेंगे। घरों से निकलने की अनुमति नहीं रहेगी। पुलिस की कड़ी चौकसी रहेगी।
- सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, घर बैठकर ही ऑनलाइन पढ़ाई की जा सकेगी।
- सिनेमाघर, होटल, रेस्टोरेंट आदि स्थानों पर पहले की तरह बंदी लागू रहेगी।
इन कार्यों में दी गई है ढील
----------------------
- ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत काम होंगे, श्रमिकों को रोजगार मिलेगा
- गेहूं खरीद यथावत जारी रहेगी
- जल संसाधन से जुड़े कार्य होंगे, ताकि गर्मी में पानी का संकट न हो
- एनएचएआई निर्माण कार्य शुरू कर सकेगी
- दफ्तर खुलेंगे, 33 फीसदी कर्मचारी ही आएंगे, पब्लिक डीलिंग पर अंकुश लगा रहेगा
बीएचईएल में शुरू होगा कामकाज
झांसी। बीएचईएल कारखाने में 21 अप्रैल से उत्पादन शुरू हो जाएगा। भेल के संचार एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि कारखाने व कार्यालय में छह-छह घंटे की दो शिफ्टों में काम होगा। शहर से ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के लिए बस सेवा निलंबित रहेगी। कर्मचारियों को अपनी गाड़ी से आना होगा। जबकि, भेल की टाउनशिप में कोरोना नियंत्रण के लिए जो व्यवस्था बनी हुई है, उसमें किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
22 इकाइयां होंगी शुरू
झांसी। सरकार ने रसायन, फाउंड्रीज, कॉमन एंफ्लुएंट, ट्रीटमेंट प्लांट, उर्वरक, पेपर, चीनी मिलें, सीमेंट व टायर उद्योग प्रारंभ करने की अनुमति दी है। इन इकाइयों के लिए कच्चा माल व आवश्यक अनुरक्षण सेवाओं की अनुमति प्रदान की गई है। झांसी में इससे जुड़ीं बाइस इकाइयां चलेंगी। लेकिन, इनमें भी कर्मचारियों की संख्या सीमित होगी तथा सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य नियमों का पूरा पालन करना होगा।
मनरेगा व जल संसाधन से जुड़े कार्य शुरू होंगे। दफ्तरों में कर्मचारियों की संख्या सीमित होगी। इसके अलावा लॉकडाउन यथावत जारी रहेगा। लोगों को कोई अतिरिक्त छूट नहीं दी गई है। सभी अपने घरों में रहें और कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई को सफल बनाएं।
- आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी