झांसी। सोमवार की रात ट्रक चालक मोनू मिश्रा के 15 हजार रुपये लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों में एक को लोगों ने बीकेडी चौराहे के नजदीक पकड़ लिया गया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल हो गए। बदमाशों ने दहशत बनाने के लिए चौराहे पर हवाई फायरिंग भी की। बाद में लोगों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर खबर ली। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्त में लेने के बाद चालक के साहस की सराहना की।
सीपरी बाजार क्षेत्र के महेंद्रपुरी कालोनी निवासी मोनू मिश्रा पुत्र इंद्रकुमार मिश्रा अंबवाय स्थित भारत पेट्रोलियम में ट्रक चलाता है। सोमवार की रात वह करारी से सिलेंडर लेकर हमीरपुर जा रहा था। रात करीब दस बजे बूढ़ा गांव के नजदीक ट्रक पंचर हो गया। वह पंचर बनवा कर आगे ही बढ़ने वाला था, तभी बाइक सवार तीन बदमाश उसके पास आकर रुके और एक ने उतरकर उसे थप्पड़ मार दिया। मोनू कुछ समझ पाता, इसके पहले ही अन्य दो बदमाशों ने उस पर तमंचे अड़ा दिए और धमकाते हुए उसकी जेब में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए। लूट करने के बाद बदमाश झांसी की तरफ भागे। चूंकि, बूढ़ा मार्ग पर सड़क बन रही है, इस कारण गिट्टी, बजरी सड़क पर पड़ी हुई है।
चालक ने दिमाग लगाया कि गिट्टी, बजरी में बदमाश तेजी से बाइक नहीं चला सकेंगे। यह विचार कर मोनू ने ट्रक को बदमाशों के पीछे लगा दिया। इत्तिफाक से पालीटेक्निक चौकी के पास चालक को सफारी गाड़ी में आते हुए अपने दोस्त दिखाई दे गए। उसने फटाफट आवाज लगाकर दोस्तों को रोका और सफारी गाड़ी में बैठकर अपने दोस्तों के साथ बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। उनको बीकेडी के पास शिक्षक निवास के सामने तीनों बदमाश जाते दिख गए और उन्होंने बाइक के आगे गाड़ी को लगाकर बदमाशों को जमीन पर गिरा लिया। यह देख बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए तमंचे से दो हवाई फायर किए और बाइक को मौके पर छोड़कर दौड़ लगा दी।
मगर, इनमें एक बदमाश खुद को संभाल नहीं पाया और वह गिर गया। तुरंत ही उसको मौके पर दबोच लिया गया। आसपास गुजर रहे लोगों को जब माजरा समझ आया तो उन सबने मिलकर फिर बदमाश की जमकर खबर ली। इधर, खबर लगते ही पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेश कुमार पंाडे, सीओ सिटी वीके तिवारी, सीपरी बाजार थानाध्यक्ष गगन गौड़ और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बाइक बरामद करने के बाद बदमाश का जिला अस्पताल में उपचार कराया।