झांसी। झांसी रेल मंडल में शुक्रवार को बानमौर-रायरू के बीच मालगाड़ी के दो पहिये पटरी से उतर गए, जिन्हें मशक्कत के बाद वापस चढ़ाया जा सका। इस दौरान अन्य गाड़ियों को तीसरी लाइन से गुजारा गया।
शुक्रवार को एक मालगाड़ी (डब्ल्यू जे स्पेशल) दिल्ली से चलकर झांसी की ओर आ रही थी। गाड़ी में 19 खाली वैगन लगे हुए थे। इसी दरम्यान शाम 4.25 बजे इंजन से पीछे के 13वें वैगन के दो पहिये पटरी से उतर गए। इससे गाड़ी ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। जानकारी लगने पर सीएंडडब्ल्यू स्टाफ मौके पर पहुंच गया। गाड़ी के दोनों पहियों को 4.48 बजे पटरी पर चढ़ाकर आगे रवाना किया गया। इस दरम्यान इस रूट पर चलने वाली अन्य गाड़ियों को थर्ड लाइन से गुजारे जाने की वजह से यातायात पर कोई खास असर नहीं आया।
बता दें कि विगत मंगलवार को झांसी यार्ड में मालगाड़ी के छह पहिये पटरी से उतर गए थे। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ था। इसकी जांच जारी है।