झांसी। सेंट जूड श्राइन में मंगलवार को नौरोजी प्रार्थनाओं का समापन हुआ। शाम को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में ग्वालियर के बिशप फादर जोसफ ने कहा कि ईश्वर हमारे साथ है। हमें जीवन में आगे बढ़ना है और एक दूसरे की मदद करना है। वहीं, बुधवार को सेंट जूड का महापर्व मनाया जाएगा। हालांकि हर साल की तरह संत जूड का रैलिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा।
श्राइन में सुबह फादर जेएम वियानी के नेतृत्व में पूजा हुई। सभी श्रद्धालुओं ने पवित्र बाइबिल का पाठ किया और कैंडल प्रज्ज्वलित किए। प्रवचन में फादर ने कहा कि ईश्वर के राज में हम सभी प्राणियों के लिए जगह है। परमेेश्वर का आशीष पाने के लिए प्रत्येक मनुष्य की सेवा करना अहम है। प्रभु यीशु का संदेश है कि सेवा से ही परमात्मा को पाया जा सकता है। प्रवचन अवसर पर रैलिक की आराधना हुई। लोगों ने कैंडल प्रज्ज्वलित कर विश्व की सुख शांति की कामना की। इस अवसर पर फादर डेनिस आदि मौजूद रहे। कोविड - 19 से बचाव के कारण इस बार सभी धार्मिक कार्यक्रमों का सोशल साइट्स पर सीधा प्रसारण किया गया।