झांसी। जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को कॉलेज के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कानपुर रोड पर जाम लगा दिया। इससे करीब बीस मिनट तक मार्ग बाधित हो गया। फलस्वरूप वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने लाठियां पटक कर विद्यार्थियों को खदेड़ा और जाम खुलवाया।
विद्यावती फार्मेसी कॉलेज से जरनल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) में डिप्लोमा कर रहे छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मेडिकल कॉलेज गेट नंबर तीन के सामने इकट्ठा हुए। इसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में कानपुर-झांसी मार्ग जाम कर दिया।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि साढ़े तीन साल का कोर्स पूरा होने के बाद अब उन्हें प्रैक्टिकल से वंचित करने को डराया जा रहा है। ऐसा निजी व सरकारी अस्पतालों में तीन से छह माह की जबरन मेकअप ड्यूटी कराने के चलते किया जा रहा है। नर्सिंग विद्यार्थियों के अनुसार उनकी इंटर्नशिप पहले ही पूरी हो चुकी है। आरोप लगाया कि कॉलेज ने जबरन कुछ विद्यार्थियों की बैक भी लगा दी गई है। वहीं, एक छात्र ने कॉलेज प्रशासन पर धमकाकर आवाज दबाने का भी आरोप लगाया।
दोनों लेन पर कतार लगाकर जाम लगाए छात्र-छात्राओं के कारण करीब बीस मिनट तक मार्ग अवरुद्ध रहा। इस बीच कॉलेज के अधिकारियों ने आकर उन्हें समझाने की कोशिश की तो छात्र-छात्राएं और उत्तेजित हो गए। छात्राएं मौखिक के बजाए लिखित आश्वासन की मांग करने लगीं। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगाए विद्यार्थियों को लाठियां पटककर खदेड़ दिया। बाद में कॉलेज के अधिकारियों और छात्र-छात्राओं के बीच काफी देर बातचीत हुई।
कॉलेज के रजिस्टार डॉ. प्रवीण गुप्ता के मुताबिक उपस्थिति कम होने की वजह से छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल से डिबार किया गया है। जिनकी उपस्थिति पूर्ण होगी, उन्हें परीक्षा में बैठने दिया जाएगा।