जल संस्थान के तत्कालीन जीएम की लोकायुक्त जांच शुरू
- फोटो : demo
जल संस्थान के तत्कालीन महाप्रबंधक आरपी वर्मा के खिलाफ करोड़ों रुपये की सामग्री खरीद में भ्रष्टाचार के लगाए गए आरोपों की लोकायुक्त ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जल संस्थान से बिंदुवार जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।
आवास विकास निवासी केसी साहू ने 24 अगस्त 16 को तत्कालीन महाप्रबंधक आरपी वर्मा के खिलाफ लोकायुक्त से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि तत्कालीन महाप्रबंधक आरपी वर्मा के एक साल के कार्यकाल में लगभग दस करोड़ की सामग्री खरीद में भ्रष्टाचार हुआ। हर खरीद पुरानी अनुबंधित दरों पर चहेते ठेकेदारों के जरिए करवाई गई। दोगुने दामों में सामग्री खरीदी गई। लोकायुक्त के संयुक्त सचिव एके सिंघल ने संबंधित शिकायत की बिंदुवार जानकारी विभाग से मांगी है। जल संस्थान के महाप्रबंधक बीएन द्विवेदी ने बताया कि सचिव रघुवेंद्र कुमार से रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।
मालूम हो कि तत्कालीन महाप्रबंधक आरपी वर्मा का झांसी में 25 अप्रैल 2015 से 22 अक्तूबर 2016 तक का कार्यकाल आरोपों से भरा रहा। भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते शासन ने सेवानिवृत्ति के एक हफ्ते पहले ही उनका स्थानांतरण मुख्यालय कर दिया था।