झांसी। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में एक अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। शिविर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह आठ बजे से दोपहर तक चलेगा। शिविर के लिए पंजीकरण जारी हैं।
रक्त बनाया नहीं जा सकता है। यह एक व्यक्ति द्वारा किसी जरूरतमंद को दिया ही जा सकता है। रक्त की हर एक बूंद किसी के जीवन का स्रोत बन सकती है। यही वजह है कि रक्तदान को महादान महादान कहा गया है। अगर आप में है किसी की जिंदगी बचाने का जज्बा, तो अमर उजाला फाउंडेशन लेकर आया है आपके लिए अवसर। पिछले वर्षों की भांति इस बार भी एक अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पंजीकरण प्रारंभ कर दिए गए हैं। पंजीकरण अमर उजाला के ग्वालियर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यालय व जीवनशाह सिल्वर प्लाजा मार्केट स्थित सिटी ऑफिस में किए जाएंगे। इसके अलावा फोन नंबर 09675201454 पर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। तो फिर देर किस बात की है, हो जाइये तैयार, किसी की जिंदगी बचाने के लिए अपना रक्तदान करने को।
रक्तदान के फायदे
----------------
- नियमित अंतराल में रक्तदान करने से शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है। यह स्थिति रक्तदाता को हृदयघात से दूर रखती है और रक्त गाढ़ा बनता है।
- इससे रक्तदाता को विभिन्न अंगों में कैंसर कर रिस्क कम रहता है।
- रक्तदान कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और रक्तचाप को नियंत्रित रखता है।
- रक्तदान कैलोरी और वसा को बर्न करता है और पूरे शरीर को फिट रखता है।
- रक्तदान करने से न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचता है, बल्कि रक्तदाता में नई कोशिकाओं का सृजन करता है।
ये जानकारियां भी हैं जरूरी
-----------------------
- 18 से 60 साल की आयु का कोई भी व्यक्ति जिसका वजन 50 किलोग्राम से अधिक हो रक्तदान कर सकता है।
- पुरुष तीन माह और महिलाएं चार माह के अंतराल में रक्तदान कर सकती हैं।
- रक्तदान से पहले नाश्ता जरूर करें और खूब पानी पी लें।
- एक दिन पहले नींद लें और शराब व अन्य किसी भी नशे से दूर रहें।