झांसी। जिला पुलिस अवैध धंधों पर अंकुश लगाने के लिए इनामी हेल्प लाइन नंबर जारी करने जा रही है। इस पर आने वाली सूचनाएं सही मिलने पर सूचना देने वाले को पुुरस्कृत किया जाएगा। यही नहीं, हर सूरत में उसका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि दो-तीन दिन में हेल्प लाइन नंबर जनता के बीच पहुंच जाएगा। इस नंबर को जारी करने का मकसद सिर्फ अवैध रूप से चलने वाले धंधों (जुआ, सट्टा, अवैध शराब की बिक्री, कालाबाजारी आदि) पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है। इस नंबर पर सटीक सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रहेगा।
पुलिस को कार्रवाई में सफलता मिलने पर सूचना कर्ता को गोपनीय तरीके से पुरस्कृत भी किया जाएगा। ‘चेक ऐंड बैलेंस पॉलिसी’ के आधार पर इस नंबर पर आने वाली सूचनाओं का सत्यापन कराया जाएगा, ताकि रंजिश अथवा विवाद के चलते दी जाने वाली शिकायतों को कार्रवाई से पूर्व सत्यापित किया जा सके। उन्होंने बताया कि यदि बिना सत्यापन कराए पुलिस सीधे कार्रवाई करेगी तो सही नहीं होगा। बिना पड़ताल किए कार्रवाई से किसी की भावना अथवा ख्याति को क्षति पहुंच सकती है। इसलिए तय किया गया है कि लगातार झूठी व गलत सूचना देने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि जल्द जारी होने जा रहे हेल्प लाइन नंबर पर आने वाली सूचनाओं की वह स्वयं मॉनीटरिंग करेंगे। इसका कंट्रोल आफिस उनके कैंप कार्यालय में रहेगा। उनकी विशेष टीम कार्रवाई करेगी। टीम को भी अंतिम समय पर बताया जाएगा कि उसे कहां, कब और कैसे छापेमारी करनी है। इस नंबर को जारी करने का मकसद अवैध कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।