झांसी के कटेरा थाना इलाके के एक गांव में रहने वाली 19 साल की युवती अपनी इज्जत बचाने की खातिर छत से कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती ने बताया कि क्षेत्र का ही 45 साल का एक व्यक्ति रिश्ते में उसका चाचा लगता है।
उसका उसके घर पर भी आना जाना है। कुछ समय पहले उसने एडिट करके एक फोटो अपने साथ बना ली थी, जिसे सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर वह ब्लैकमेल कर रहा था। युवती ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम वह घर पर अकेली थी। इसी दरम्यान आरोपी गलत इरादे से उसके घर पर घुस आया। बचने के लिए वह छत पर पहुंच गई तो आरोपी भी उसके पीछे वहां आ गया।
उससे बचने के लिए युवती छत से कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज जारी है। वहीं, बताया कि घटना के बाद आरोपी ने भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। घटना के बाद से आरोपी परिवार समेत फरार है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गोपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।