शुक्रवार की सुबह को कस्बे के महेवा गांव के बाहर स्थित शिव मंदिर के पास एक युवती का जल हुआ शव बरामद हुआ। शव के पास एक पेट्रोल की खाली बोतल भी बरामद हुई है। परिवार वालों ने गांव के ही एक युवक पर युवती को जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। डीआईजी और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक अंजू (21) पुत्री सुखनंदन शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शिव मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। मंदिर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर है। करीब सवा नौ बजे युवती का शव मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर जला हुआ मिला। मंदिर पर पूजा करने पहुंची गांव की कुसमा पत्नी संतराम ने सबसे पहले उसका शव देखकर शोर मचाया।
तब तक अंजू के पिता सुखनंदन और मां समेत अन्य परिजन भी पहुंच गए। परिजन गांव के संदीप पटेल पर हत्या का आरोप लगाने लगे। परिजनों का आरोप था कि अंजू का हाथ-पांव बांधकर हत्या की गई। हंगामा की सूचना पर डीआईजी जोगेंद्र कुमार, एसएसपी समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील करके पड़ताल शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस ने देर शाम पिता सुखनंदन की तहरीर पर आरोपी संदीप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करके पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच पड़ताल में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि जिस समय की घटना बताई जा रही, उस समय आरोपी युवक गांव में मौजूद था। सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। परिजनों का हाथ-पांव बांधकर हत्या किए जाने का आरोप सही नहीं है।
शिवहरी मीना, एसएसपी
इंटर की परीक्षा पास करने के बाद बंद कर दी थी पढ़ाई
अंजू घर में सबसे छोटी थी। परिजनों का कहना है कि अंजू ने दो वर्ष पहले ही इंटर की परीक्षा पास कर ली थी लेकिन, कोविड के बाद लॉकडॉउन लग जाने के बाद से उसने पढ़ाई बंद कर दी। इसके बाद से ही वह घर पर रहती थी।
सगाई तय होने के बाद संदीप से हो गया था मनमुटाव
ग्रामीणों का कहना है कि अंजू एवं संदीप के बीच पिछले करीब चार साल से परिचय था। दोनों के बीच बातचीत होती थी लेकिन, पिछले महीने ही संदीप की सगाई तय हो गई थी। इसके बाद से अंजू एवं संदीप के बीच बोल चाल बंद हो गई थी। अंजू ने संदीप से सगाई तोड़ने को कहा था लेकिन, संदीप इसके लिए राजी नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है इसी वजह से अंजू ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
खुद ही थाने पहुंच गया था संदीप
अंजू की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची पूरे गांव में सनसनी फैल गई। यह बात संदीप और उसके परिजनों को मालूम चली तब परिजन खुद संदीप को लेकर थाने पहुंच गए। यहां संदीप ने पुलिस से खुद को बेकसूर बताया हालांकि पुलिस ने अंजू के परिजनों की तहरीर के आधार पर संदीप के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया।