झांसी। महानगर को एक नई ओपन जिम मिल गई है। जी हां, इसका निर्माण राजकीय इंटर कॉलेज में किया गया है। इसके अलावा यहां एथलेटिक और क्रिकेट स्टेडियम का भी निर्माण किया जा रहा है। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। 10 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी के तहत ये काम किए जाएंगे।
ग्वालियर रोड और उससे सटे सीपी मिशन कंपाउंड, पठौरिया, फ्रेंड्स कॉलोनी, माहौर कॉलोनी, स्वामीपुरम, रेलवे क्रॉसिंग के पार अयोध्यापुरी कॉलोनी आदि क्षेत्रों में पार्क की सुविधा नहीं है। यहां के लोग सुबह-शाम सैर सपाटे के लिए जीआईसी में आते हैं। यही वजह है कि सुबह और शाम यहां खूब भीड़ जमा होती है। लेकिन, अब यहां लोग सैर सपाटे के साथ-साथ कसरत भी कर सकेंगे। इसके लिए यहां स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत ओपन जिम का निर्माण किया गया है। ये जीआईसी में पुराने हॉस्टल के पास बनाई गई है।
इसके अलावा अब यहां एथलेटिक स्टेडियम और क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है। जीआईसी ग्राउंड में पहले एथलेटिक स्टेडियम बनाया जाएगा। जलभराव की समस्या न रहे, जिसके चलते ग्राउंड को मिट्टी का भराव कर तीन फुट ऊपर उठाया जाएगा। जबकि, मैदान को पिछले हिस्से में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण होगा। इसमें दर्शक दीर्घा, चेंज रूम समेत बाकी अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना की डिजाइन तैयार कर ली गई है। स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत काम होगा, जिस पर दस करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। आगामी एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।
खिलाड़ियों को मिलेगा 400 मीटर का ट्रैक
झांसी। 400 मीटर का एथलेटिक ट्रैक पहले ध्यानचंद स्टेडियम में था, लेकिन स्टेडियम के ग्राउंड के एक बड़े हिस्से में हॉकी के एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड का निर्माण होने की वजह से इसका आकार छोटा हो गया है। ऐसे में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ये कमी जीआईसी में बनने वाले एथलेटिक स्टेडियम में दूर हो जाएगी।
स्मार्ट सिटी योजना केे तहत जीआईसी ग्राउंड का विकास किया जा रहा है। यहां एथलेटिक और क्रिकेट के दो अलग-अलग स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की गई है। इससे विद्यार्थियों व युवाओं को खेल अभ्यास की बेहतर सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
- आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी
स्मार्ट सिटी मिशन योजना के जरिये महानगर सभी क्षेत्रों का समग्र विकास किया जा रहा है। जीआईसी में तैयार हुई ओपन जिम से ग्वालियर क्षेत्र की सभी रिहायशी बस्तियों के लोगों को लाभ होगा। दो स्टेडियम बनाने की योजना भी तैयार हो गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- रामतीर्थ सिंघल, महापौर