महापौर किरन वर्मा ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि गुलाम गौस खां पार्क की बाउंड्रीवाल का टेंडर कराया जाए, ताकि निर्माण जल्द हो। उन्होंने जवाहर चौक में डामर रोड डालने के लिए ठेकेदार को बुधवार तक की मोहलत दी। इसके बाद भी यदि कार्य शुरू नहीं हुआ तो सिक्योरिटी जब्त की जाएगी।
दतिया गेट बाहर खंती थी, लेकिन वहां कचरा डालना बंद कर दिया गया। इसके बाद यहां महारानी लक्ष्मीबाई के समय तोपची रहे ‘गुलाम गौस खां’ के नाम पर पार्क बनाने का निर्णय लिया गया। पांच साल पहले 03 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से पार्क का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन पार्क की जमीन को अपनी बताते हुए कुछ लोगों ने इस पर रोक लगवा दी और तब से यह पार्क अधर में लटका हुआ था। कोर्ट से नगर निगम के पक्ष में फैसला होने के बाद इसे फिर बनाने का निर्णय लिया गया। शनिवार को महापौर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि पार्क निर्माण पर ध्यान दिया जाए। फिर से टेंडर कराया जाए।
जवाहर चौक (मानिक चौक) में डामर की सड़क डालने का टेंडर छह महीने से ज्यादा समय होने के बाद भी अब तक कार्य शुरू नहीं होने पर महापौर ने ठेकेदार को बुधवार तक की मोहलत दी। साथ ही कहा कि यदि इसके बाद भी काम शुरू नहीं होता है तो ठेकेदार की सिक्योरिटी जब्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि करगुवांजी में पिछले दिनों बनाई गई सड़क में गड्ढे होने की शिकायत आ रही है। सड़क की टीएसी जांच कराई जाए। इसी तरह वार्ड नंबर 35 नंदू कालोनी में सीसी सड़क डाले हुए तीन महीने भी पूरे नहीं हुए और सड़क उखड़ने की शिकायत आने पर उन्होंने ठेकेदार का भुगतान रोक दिया और सड़क की जांच कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर अधिशासी अभियंता ए के शर्मा, अवर अभियंता एमके जैन, एमए त्रिपाठी उपस्थित रहे।