झांसी। नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को अयोध्यापुरी में चबूतरे की बजाय सड़क पर रखे गए ठेले, खोमचे और गुमटियों को हटवाया। साथ ही 18 हजार रुपये वेंडिंग शुल्क भी वसूला गया। उन्हें चेतावनी भी दी गई कि फिर से निर्धारित चबूतरे के बाहर ठेला आदि न लगाएं।
नगर निगम ने गणेश चौराहा के पास सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए चबूतरे बनवाए हैं। मगर सब्जी और फल विक्रेता उन चबूतरों पर न बैठकर अवैध रूप से सड़क किनारे गुमटी, खोमचे, हाथ ठेला आदि लगाए रहते हैं। सड़क पर गुमटियों के लगाए जाने से रास्ता संकरा हो जाता है और जाम और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसे लेकर स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम टीम ने फुटपाथ पर व सड़क किनारे अवैध रूप से गुमटी, खोमचे, हाथ ठेला को हटाकर व्यवस्थित किया गया। साथ ही 18 हजार रुपये वेंडिंग शुल्क भी वसूला गया। इस दौरान वेंडिंग जोन प्रभारी देवेंद्र कुमार, एसपी त्रिपाठी भी मौजूद रहे। ब्यूरो