बुंदेलखंड क्षेत्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे जागरुकता अभियान के तहत शनिवार को ग्राम पनारी में संचालित जय बुंदेलखंड कॉलेज ऑफ लॉ में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मतदान की शपथ ली। साथ ही सभी ने एक स्वर में कहा कि जाति धर्म से आगे निकलो, राष्ट्र हित में मतदान करो।
शनिवार को ग्राम पनारी में संचालित जय बुंदेलखंड कॉलेज ऑफ लॉ में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान कॉलेजों के युवा छात्र-छात्राओं और समस्त शिक्षकों व स्टाफ को सामूहिक रुप से मतदान करने और लोगों को मतदान करने के लिए जागरुक करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की बात कही है।
=========
उपहार नहीं हक चाहिए
चुनाव में युवाओं को तरह-तरह के उपहार देने का प्रलोभन दिया जाता है, लेकिन राजनेता यह कब समझेंगे कि युवाओं को उपहारों की नहीं बल्कि रोजगार की जरुरत है। रोजगार पर युवाओं का पहला हक है। जो पार्टी अपना चुनावी मुद्दा रोजगार को बनाएगी, उसी को मतदान करेंगे।
भारती कुशवाहा
प्रथम वर्ष की छात्रा।
========
खत्म हो बेरोजगारी
उत्तर प्रदेश के युवाओं में काफी टैलेंट है। प्रदेश में शिक्षा के भी तमाम साधन हैं, लेकिन प्रदेश में ही सबसे अधिक बेरोजगारी है। रोजगार के अभाव में युवा पढ़ाई-लिखाई करके बेरोजगार होकर घर बैठ जाता है, या फिर आर्थिक तंगी के चलते अपनी लाइन भटक जाता है। राजनीतिक दलों व नेताओं से प्रदेश का युवा यह जवाब मांगता है कि आखिर बेरोजगारी कब खत्म होगी।
वंदना कुमारी
प्रथम वर्ष की छात्रा।
========
मत का करें उपयोग
प्रदेश की नई सरकार चुनने में अधिक से अधिक संख्या में युवा मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपने भागीदारी निभाएं। खुद के साथ-साथ अपने परिजनों, आस-पड़ोसियों व मुहल्ले वासियों को भी मतदान करने के लिए जागरुक व प्रेरित करें।
अरविंद सिंह
प्रधारी, प्राचार्य।
==========
जातिवाद नहीं विकास पर करें मतदान
युवाओं को जातिवाद की राजनीति से आग बढ़कर विकास के नाम पर मतदान करने की जरुरत है। जो राजनीतिक पार्टी विकास की जगह जातिवाद के नाम पर वोट मांगने का काम करे, उसे सबक सिखाया जा सकता है।
रूपेश कुमार साहू
वरिष्ठ सहायक।