यात्री रेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए डीआरएम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में चार सांसदों व उनके प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी रेल सेवाओं के लिए अहम सुझाव रखे। इसमें झांसी,बांदा और मानिकपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्या बढ़ाने की मांग जोरों से उठाई गई। बैठक में 16 सांसदों को बुलाया गया था, लेकिन आए मात्र चार।
मंगलवार को जीएम अरुण सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बांदा के भैरों प्रसाद मिश्र, रीवा के जर्नादन मिश्र, मुरैना अनूप मिश्रा और महोबा के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने सुझाव रखें। केंद्रीय उमा भारती की जगह उनके प्रतिनिधि डॉ. जगदीश सिंह चौहान और टीकमगढ़ क्षेत्र के सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार के प्रतिनिधि अनुराग वर्मा ने अपने क्षेत्र की रेल सेवाओं से जुड़ी मांगे रखीं। जीएम ने इन सुझावों को रेलवे बोर्ड पहुंचाने व पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके पूर्व डीआरएम एस के अग्रवाल ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से झांसी मंडल की प्रगति, वर्तमान में चल रही यात्री सुविधाओं व प्रस्तावित यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मुख्यालय से अधिकारी व रेल मंडल के सभी ब्रांच अफसर मौजूद रहे।
सुझाव
----------------------
सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल की मांगें। झांसी- बांदा रेल खंड के सभी स्टेशनों पर शौचालयों बनाए जाएं। यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के बाद बांदा झांसी पैसेंजर को महोबा से चलाएं। खजुराहो से लखनऊ के मध्य नई ट्रेन चलाई जाए। यूपी संपर्क क्रांति और महाकौशल एक्सप्रेस में जनरल कोचों की संख्या बढ़ाएं।
सांसद भैरो प्रसाद मिश्र की मांगें। तुलसी एक्सप्रेेस व चंबल एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाएं। सरयू एक्सप्रेस को इलाहाबाद की जगह चित्रकूट से चलाएं। चित्रकूट- कानपुर इंटरसिटी को लखनऊ तक चलाएं। बदौसा स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव हो।
सांसद जनार्दन मिश्रा की मांगें। डभौरा स्टेशन पर बुकिंग क्लर्क की नियुक्ति। डभौरा स्टेशन पर चंबल, ताप्ती गंगा और अंत्योदय एक्सप्रेस का ठहराव। डभौरा स्टेशन पर कवर्ड शेड व पुलिस चौकी की स्थापना। कैंटीनों पर ओवर चार्जिंग पर रोकथाम।
सांसद अनूप मिश्रा की मांगें। मुरैना मालगोदाम में सुविधाओं का विस्तार। मुरैना स्टेशन पर पानी और अतिरिक्त शौचालय। मुरैना पर कर्नाटका, पातालकोट, केरला और गोवा एक्सप्रेस का ठहराव। मुरैना स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज बनाया जाए।
उमा भारती के प्रतिनिधि डॉ. जगदीश सिंह चौहान ने ये मांगें रखीं। ललितपुर स्टेशन पर मंगला व हबीबगंज एक्सप्रेस का ठहराव। झांसी- ललितपुर और झांसी-ग्वालियर रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज। सीपरी बाजार ओवर ब्रिज कार्य शीघ्र पूरा करवाएं। लोकमान्य तिलक प्रतापगढ़ एक्सप्रेस रोज चले।
सांसद वीरेंद्र कुमार के प्रतिनिधि अनुराग वर्मा। उदयपुर खजुराहो एक्सप्रेस का ओरछा स्टेशन पर ठहराव। झांसी- टीकमगढ़ पैसेंजर खजुराहो तक चलाई जाए। छतरपुर के यात्रियों के लिए भोपाल तक ट्रेन चलाई जाए। ओरछा स्टेशन पर कवर्ड शेड और फुट ओवरब्रिज बनाएं।
ये सांसद नदारद
केंद्रीय मंत्री एवं झांसी- ललितपुर की सांसद उमा भारती, केंद्री मंत्री एवं ग्वालियर के सांसद नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, उरई-जालौन के सांसद भानू प्रताप सिंह, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले, राज्यसभा सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, राज्यसभा सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद, भिंड के सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, खजुराहो क्षेत्र के सांसद नागेंद्र सिंह, टीकमगढ़ के सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार, सागर के सांसद लक्ष्मी नारायण यादव, इलाहाबाद के सांसद श्यामा चरण गुप्त मौजूद नहीं थे।