अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भगवंतपुरा स्थित स्लाटर हाउस संचालित करने वाली कंपनी अलमर्जिया के महाप्रबंधक शंकर सुमन, एकाउंटेंट जय किशन पिल्लई समेत मैनेजर सुनील पुसेडक्शन के खिलाफ मारपीट एवं जान से मार डालने की धमकी देने के आरोप में सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस तीनों को तलाश रही है।
बरेली के पालपुर निवासी युसूफ अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह अलमर्जिया स्लाटर हाउस में काम करता है। 30 जून की रात वह अपने कमरे में खाना खा रहा था। उसी दौरान कंपनी के जीएम शंकर सुमन वहां आए और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। उनके साथ एकाउंटेंट और मैनेजर भी थे। तीनों उसे कंपनी से बाहर करने की धमकी देते हुए लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह मारने लगे। घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद धमकाते हुए वहां से चले गए। कर्मचारियों को यह बात मालूम चली तो उनमें रोष फैल गया। युसूफ ने सदर बाजार थाना में तीनों अधिकारियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा के मुताबिक आरोपियों को तलाशा जा रहा है।