गोवा एक्सप्रेस में नहीं लगे तीन कोच, यात्री परेशान
झांसी। निजामुद्दीन से वास्कोडिगामा जाने वाली गोवा एक्सप्रेस में शनिवार की रात स्लीपर के तीन कोच लगकर नहीं आए। इससे यात्री परेशान रहे। बाद में टिकट चेकिंग स्टाफ ने यात्रियों को दूसरे कोचों में समायोजित किया।
शनिवार की रात 9.32 बजे प्लेटफार्म एक पर निजामुद्दीन से वास्कोडिगामा जाने वाली गोवा एक्सप्रेस आकर रुकी। ट्रेन के इंजन के पीछे लगेजवान के बाद क्रम से तीन जनरल कोच, उसके पीछे एस 11 से एस 5 तक स्लीपर कोच, पेंट्रीकार, बी 3, बी 2, बी 1, एन, एसएलआर व दो मिल्क टैंकर लगे थे। मगर ट्रेन में एस 1, एस 2 व एस 3 कोच नहीं लगे थे। उक्त कोचों में झांसी से चढ़ने वाले यात्रियों को जब अपना डिब्बा नहीं दिखा तो उन्होंने तुरंत शिकायत टिकट चेकिंग स्टाफ से की। टिकट चेकिंग स्टाफ के पास भी यह जानकारी नहीं थी कि आज इस ट्रेन में तीन कोच लगकर नहीं आ रहे हैं। बाद में किसी तरह यात्रियों को दूसरे कोचों में समायोजित किया गया। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गोवा एक्सप्रेस के साथ हुबली से एक लिंक एक्सप्रेस जुड़कर चलती है। बारिश के कारण लिंक ट्रेन निरस्त थी, इसलिए यह स्थिति बन गई।