गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...
झांसी। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमाएं लक्ष्मी तालाब, पहूज बांध सहित अन्य जलाशयों में विसर्जित कीं। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखों में अश्रु छलक उठे। वहीं प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा का व्यापारियों एवं अन्य श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर जगह - जगह जोरदार स्वागत किया। लोगों ने अपने - अपने घरों में अनंत चतुर्दशी की पूजा भी की।
बृहस्पतिवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया गया। इसके साथ ही गणेश महोत्सव का समापन भी हुआ। सुबह सभी छोटे - बडे़ गणेश पंडालों में वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद कन्याओं का पूजन किया और उन्हें भोज कराया। दोपहर तक सभी प्रतिमाओं को ट्रैक्टर, ट्रालियों तथा ठेलों पर गुब्बारों, बिजली की आकर्षक रंग बिरंगी झालरों से सजाए गए सिंहासनों पर विराजमान किया गया। बैंड एवं ढोल नगाढ़ों की धुन पर प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा प्रारंभ हुई। सराफा बाजार, गंधीगर के टपरा, बड़ा बाजार सहित कई इलाकों में गणपति महाराज का श्रद्धालुओं ने आरती कर स्वागत किया। वहीं चाचर समिति के सदस्यों ने शोभायात्रा में चाचर नृत्य का प्रदर्शन किया। प्रतिमाएं लक्ष्मी तालाब, आल्हा घाट, पहूज बांध सहित अन्य जलाशयों आरती वंदना के बाद विधिवत विसर्जित की गई। यह शोभायात्रा देर रात तक जारी रही।
मानिक चौक, बड़ा बाजार में बैंड बाजों के बीच प्रतिस्पर्धा भी हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। इधर पुरानी नझाई में विराजमान गणेश जी प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। युवा भक्तों ने भक्ति धुन पर जमकर नृत्य किया। प्रतिमा लक्ष्मी तालाब पर विसर्जित की गई। इस अवसर पर अभिषेक साहू, प्रदीप नगरिया, मोहन गुप्ता आदि रहे। इधर मुहल्ला लक्ष्मण गंज की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में संतोष अग्रवाल, धन्नू साहू, सौरभ शर्मा, पन्नालाल पुरानी नझाई स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर पर विराजमान गणेश जी की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में राकेश श्रीवास्तव, पवन नायक, दिनेश लखेरा आदि मौजूद रहे। इधर क्षत्रिय कलचुरी कलवार महासंघ के अध्यक्ष अजीत राय, अंकित राय, राधे चौबे आदि ने बड़ा बाजार में, नमो नमो मोर्चा के सदस्यों ने गंधीगर के टपरा पर, बड़ा मठ चाचर समिति के राम कुमार सोनी ने सराफा बाजार में, दीक्षित बाग सराफा बाजार के महामंत्री दिलीप महोबिया ने गंधीगर के टपरा पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं का तिलक किया। इधर जन चेतना युवा समिति रानी महल के तत्वावधान में रविंद्र अग्रवाल, मुकेश सिंघल आदि ने भगवान गणेश की सवा लाख बातियों से महाआरती की।
शीतला माता मंदिर में हुआ भंडारा
महानगर में जगह -जगह विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण भी हुए। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री शीतला माता मंदिर में सुबह श्रद्धालुओं ने मां शीतला का भव्य अभिषेक, श्रृंगार किया। हवन पूजन के बाद भंडारा आयोजित हुआ। इस अवसर पर आचार्य उमेश पाठक, दिनेश खरे, सुधीर खरे, राघवेंद्र पाठक, कामता प्रसाद, पप्पू महाराज आदि मौजूद रहे।