संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। एक आम आदमी को बिजली कनेक्शन के लिए हफ्तों दौड़भाग करनी पड़ती है। कनेक्शन के साथ लगने वाले कागजात इकट्ठा करने में ही कई दिन बीत जाते हैं। लेकिन झांसी के गैंगस्टर गुलशन यादव को वर्ष 2013 में केवल ड्राइविंग लाइसेंस पर ही घरेलू कनेक्शन जारी हो गया था। अब जब जांच हुई तो इसका खुलासा हुआ। अब विभाग संबंधित पटल के उस कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है जिसने कनेक्शन जारी किया था।
झांसी महानगर के लहरगिर्द इलाका निवासी गैंगस्टर गुलशन यादव नगर निगम में 10 सितंबर 2016 को उपसभापति बना था। बुंदेलखंड के बड़े सपा नेताओं से भी उसके गहरे रिश्ते थे। यह गुलशन यादव का रसूख ही था कि उसने घरेलू बिजली कनेक्शन महज एक ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी लगाकर ही करा लिया था। इसके अलावा कोई दस्तावेज उसके द्वारा जमा नहीं किया गया था। जबकि बिजली कनेक्शन लेने के लिए आधार कार्ड, मकान की रजिस्ट्री की कॉपी, हाउसटैक्स के बिल की कॉपी या फिर खसरा खतौनी की कॉपी लगानी होती है। अगर एक भी कागजात पूरा न हो तो संबंधित पटल के कर्मचारी उपभोक्ता को वापस भेज देते हैं। लेकिन गुलशन यादव को कनेक्शन देने में बहुत तेजी दिखाई गई थी। अब जब ग्वालटोली निवासी आकाश यादव समेत अन्य ने मुख्य अभियंता के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई तब जांच शुरू हुई। जांच में पता चला है कि 22 मार्च 2013 को ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी पर ही कनेक्शन लिया गया है।
वर्जन
-
शिकायत के आधार पर कनेक्शन के समय लगाए गए दस्तावेज की जांच के लिए निर्देश दिए गए थे। अब इसके आधार संबंधित कर्मचारियों एवं कनेक्शनदाता पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। - राजीव माहेश्वरी, मुख्य अभियंता