अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/इटावा। ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के नाम पर इटावा में पकड़े गए दो आरोपी झांसी के प्रेमनगर इलाके के हैं। प्रेमनगर से ही दो माह पहले बड़े पैमाने पर चल रहे साइबर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि प्रेमनगर में साइबर जालसाजों की तगड़ी घुसपैठ है। पुलिस इनके आपसी कनेक्शन भी खंगालने में जुटी है।
प्रेमनगर के राजीव नगर निवासी प्रांजल राय और ईसाई टोला की कमल सिंह कॉलोनी निवासी कृतिका श्रीवास्तव को इटावा में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मालूम चला कि कृतिका एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। जुलाई महीने में प्रांजल के जरिये इस नेटवर्क से जुड़ी। प्रांजल उसे व्हाट्सएप पर मोबाइल नंबरों की सूची मुहैया कराता था। कृतिका उन नंबरों पर कॉल करके लोगों को ऑनलाइन गेम खेलने के लिए तैयार करती थी वहीं, प्रांजल भी पैसों को दूसरे खाते में ट्रांसफर करता था।
इसके पहले प्रेमनगर इलाके में चल रहे ऑनलाइन गेमिंग फ्राॅड के सात आरोपी गिरफ्तार हुए थे। उनके खाते से 4.35 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का पता चला। ये सभी आरोपी प्रेमनगर एवं ईसाई टोला के रहने वाले थे। 28 अगस्त को प्रेमनगर से ऑनलाइन गेमिंग फ्राॅड करते पकड़े गए जालसाज भी इसी इलाके के थे। अब इटावा से भी प्रेमनगर के ही दो जालसाजों के पकड़े जाने के बाद इस ठगी के नेटवर्क के झांसी में मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है। इटावा के एसपी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।