झांसी। वाणिज्य कर कार्यालय में पदस्थ ज्वाइंट कमिश्नर (टैक्स ऑडिट) की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर जालसाज उनके मित्रों से रुपयों की मांग कर रहे हैं। जब उनको इस बात का पता लगा तो शिकायत नवाबाद थाना पुलिस से की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवाबाद थाने में दी तहरीर में ज्वाइंट कमिश्नर (टैक्स ऑडिट) आनंद कुमार सिंह ने अवगत कराया कि 15 मई को कुछ मित्रों ने उनको फोन कर बताया कि क्या उनको रुपयों की जरूरत है? पता चला कि उनकी फेस बुक आईडी पर कोई जालसाज एक बैंक खाता नंबर डालकर उनके परिचितों से रुपयों की मांग कर रहा है। जालसाज ने उनके नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस प्रकरण से मानसिक परेशानी है। वहीं, ज्वाइंट कमिश्नर से अपने सभी मित्रों को मेसेज भेजकर बताया कि उनको रुपयों की कोई जरूरत नहीं है। इसके पहले भी इसी तरह का एक मामला दूसरे वाणिज्य कर अधिकारी के साथ हो चुका है।