संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खांदी के मजरा तरियन में जमीन की बिक्री के बाद उसे शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया। रकम मांगने पर धमकाया गया। पीड़ित खांदी के मजरा तरियन निवासी दल सिंह कुशवाहा ने इस संबंध में सदर विधायक सहित पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही, पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित ने आगे बताया कि उसने पैतृक भूमि एक व्यक्ति को बेची थी। जमीन की तय रकम में से उसे कथित तौर पर 2 लाख रुपये प्राप्त हुए, जबकि 28 लाख रुपये की राशि बकाया रह गई। बकाया रकम के भुगतान के लिए विपक्षी पक्ष की ओर से चार चेक दिए गए। इन चेकों में 10 लाख, 9.80 लाख, 4 लाख और 4 लाख रुपये की रकम अंकित थी। बैंक में चेक जमा किए, जहां सभी चेक बाउंस हो गए। जिसके बाद पीड़ित ने धोखाधड़ी की शिकायत तालबेहट पुलिस से की। जहां कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद उसने सदर विधायक सहित पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर उसकी बकाया रकम दिलाने की मांग की है।