लॉकडाउन में भी साइबर अपराधी सक्रिय होकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के ओरछा गेट इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति से लॉकडाउन में सरकार द्वारा मदद करने का झांसा देकर खाते की जानकारी ले ली। इसके कुछ देर बाद खाते से 25 हजार रुपयेे निकाल लिए। बैंक से मोबाइल पर आए संदेश को देखकर उसे ठगी की जानकारी हुई। कोतवाली के ओरछा गेट निवासी शकील कुरैशी के पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि सरकार की तरह से लॉकडाउन में लोगों की मदद की जा रही है। उनकी भी मदद के लिए नाम सामने आया है। सरकारी मदद है, इसीलिए रुपये खाते में ही आएंगे। ऐसे में उनको खाते की जानकारी देना होगी। यह सुनकर वह साइबर अपराधी की बातों में आ गए। फोन पर ही उन्होंने खाते व एटीएम नंबर की जानकारी दे दी। कुछ देर में 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज देखकर वह घबरा गए। इसके बाद बैंक से जानकारी के बाद पता चला कि वह साइबर अपराधियों का शिकार हो गए हैं। पुलिस ने नहीं जाने दिया थाने वर्तमान में ओरछा गेट इलाका हॉटस्पॉट में तब्दील है। ऐसे में पूरा सील होने की वजह से किसी को भी आने-जाने की परमिशन नहीं है। पीड़ित शकील घर से थाने के लिए निकले, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनको वापस लौटा दिया। इस कारण घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिल सकी।