क्षेत्र पंचायत की बैठक में हंगामा, लिपिक को पीटा
चिरगांव। शनिवार को सुबह क्षेत्र पंचायत की बैठक में एक भाजपा नेता ने हंगामा किया। उन्होंने ब्लाक कार्यालय में तैनात लिपिक के साथ मारपीट की। रजिस्टर छीनकर बीडीसी सदस्यों के हस्ताक्षर वाले पन्ने को फाड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने बीडीओ के नेतृत्व में थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत करा दिया है।
ब्लाक प्रमुख रामदेवी यादव की अध्यक्षता में बीडीसी की बैठक सुबह शुरू हुई। सुबह ग्यारह बजे तक करीब 58 सदस्य बैठक में आ चुके थे। आरोप है कि इस बीच भाजपा नेता अनूप शिवहरे ने आकर बैठक में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने ब्लाक के लिपिक जमालुद्दीन की पिटाई कर दी। लिपिक बीडीसी सदस्यों को मानदेय देेेने के किए कार्यालय तक कैश उठाने गए थे। कैंपस में ही पिटाई करने के बाद रजिस्टर छीनकर बीडीसी सदस्यों के हस्ताक्षर युक्त पन्ने को फाड़ दिया। इस घटना से वहां पर हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला।
इसके बाद सभी कर्मचारियों ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बीडीओ सुभाष नेमा के नेतृत्व में थाने पहुंचकर अनूप शिवहरे के खिलाफ तहरीर दी। ंपुलिस ने कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।