खजराहो मार्ग पर चलरहा फोरलाइन का निर्माण कार्य । अमर उजाला
फोरलेन पर पुराना हटाने के लिए नए मंदिर का कराया निर्माण
झांसी। निर्माणाधीन झांसी - खजुराहो फोरलेन के बीच आ रहे प्राचीन संतोषी माता के मंदिर को शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। इस मंदिर को शिफ्ट कर नए स्थान पर मंदिर का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जल्द ही पुराने मंदिर में स्थापित देव प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठ नए मंदिर में कर दी जाएगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा झांसी से खजुराहो तक 186 किलोमीटर तक फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। ये काम फरवरी 2018 में शुरू हुआ था और नवंबर 2020 में पूरा किया जाना है। लेकिन, रास्ते की बाधाओं की वजह से तय अवधि में काम पूरा नहीं हो पाया। कहीं जमीन अधिग्रहण में बाधा पैदा हो गई, तो कहीं धार्मिक स्थल आड़े आ गया। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ग्राम मुड़ारा में फोरलेन के बीच आ रहे प्राचीन संतोष माता के मंदिर की वजह से यहां काम अटका हुआ था। मंदिर में संतोषी माता के साथ-साथ श्रीराधाकृष्ण, हनुमानजी व शंकर जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं। लंबे समय से मंदिर के स्थानांतरण की कवायद की जा रही थी। बाद में मंदिर संचालकों व एनएचएआई के बीच सहमति बन गई। इसमें मंदिर को पुराने स्थान से हटाकर नई जगह मंदिर का निर्माण कराकर देना था। ये काम अब पूरा हो गया है। नए मंदिर के भवन का निर्माण एनएचएआई द्वारा करा दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर नए मंदिर में देव प्रतिमाओं की विधिवत प्राण- प्रतिष्ठा कर दी जाएगी। इसके बाद पुराने मंदिर के भवन को वहां से हटाया जाएगा।
आठ धार्मिक स्थल किए जा चुके हैं स्थानांतरित
झांसी। झांसी - खजुराहो फोरलेन निर्माण के दौरान अलग-अलग धर्मों के आठ धार्मिक स्थलों को शिफ्ट किया जा चुका है। हटाए गए धार्मिक स्थलों के पुराने भवनों के जगह एनएचएआई द्वारा नए भवनों का निर्माण कराया गया है। ये सभी काम धार्मिक स्थलों के संचालकों की सहमति से पूरा किया गया है।