संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रधानमंत्री ने 12 मार्च को हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी थी। यात्रियों के लिए इसका संचालन 15 मार्च से शुरू किया गया था। इन पंद्रह दिनों में विंडो से 55 टिकटों की बिक्री हुई, जबकि ऑनलाइन बुकिंग भी की गई है।
पंद्रह दिनों की बुकिंग पर नजर डालें तो ललितपुर स्टेशन से 55 लोगों ने टिकट खरीद कर यात्रा की है। ऑनलाइन बुकिंग की संख्या करीब पचास है। सबसे ज्यादा यात्री दिल्ली से ललितपुर व खजुराहो की यात्रा कर रहे हैं। वर्तमान में आनंदपुर का मेला होने के कारण दिल्ली की ओर से प्रतिदिन 80 से 90 सवारियां वंदे भारत से आ रही हैं। यह ट्रेन दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे स्टेशन पर पहुंचती है। शताब्दी के आगे समय होने के कारण इसका ट्रैक खाली रखा जाता है, इससे यह लोगों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचा रही है। पहले दिन पंद्रह मार्च को ललितपुर से तीस यात्रियों ने सफर दिल्ली की ओर किया तो खजुराहो से 417 लोग इस ट्रेन में सवार हुए थे।