अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार आधी रात के बाद मोंठ के शीतला विद्युत गृह के पास पुलिस की लूटकांड के चार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पांव में गोली लगने से वह घायल हो गया जबकि अन्य तीन बदमाशों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई रकम से 93 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
एसपी (आरए) गोपीनाथ सोनी ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे सुरागकशी करते हुए मोंठ थाना प्रभारी अशोक सिंह समेत स्वॉट टीम भांडेर रोड पर चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवकों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर चारों युवक भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर युवकों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए। पुलिस ने भी जवाबी फायर किए।
एक बदमाश पांव में गोली लगने से घायल होकर नीचे गिर पड़ा। अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम जतिन रायकवार निवासी समथर बताया। पकड़े गए बदमाशों में राज यादव, हरेंद्र शर्मा निवासी समथर एवं अतुल यादव निवासी माधवपुर भांडेर बताया। एसपी (आरए) के मुताबिक, पूछताछ में मालूम चला कि चारों बदमाश 16 जुलाई को मोंठ रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई हुई लूट में शामिल थे। 16 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे इन चारों बदमाशों ने मिलकर भारत इंश्योरेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट शिवम पाल से कलेक्शन में मिले 1.25 लाख रुपये लूट लिए थे। शिवम की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके इन बदमाशों को तलाश रही थी। बदमाशों के पास से 93 हजार रुपये नकद समेत तमंचा, कारतूस, दो टैबलेट समेत अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।