अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। फालोवर के फांसी लगाने के बाद उसे प्रताड़ित करने के आरोपी होमगार्ड के दोनों इंस्पेक्टर को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास से गिरफ्तार कर लिया। लिखा-पढ़ी के बाद दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
टोड़ीफतेहपुर थाना के बिजौरा गांव निवासी सुरजन सिंह (57) होमगार्ड विभाग में फालोवर था। उसकी तैनाती अंबाबाय स्थित होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र में बतौर कुक थी। बुधवार को सुरजन के जहर निगलने से मौत हो गई थी। सुरजन ने अपनी मौत से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उसने होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर में तैनात इंस्पेक्टर लक्ष्मीशंकर और सुभाष यादव पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उसने दोनों पर मारपीट करने के अलावा बेइज्जत करने का भी आरोप लगाया। उसकी मौत के बाद सुरजन के बेटे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने लक्ष्मीशंकर एवं सुभाष यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल शैलेंद्र सिंह के मुताबिक दोनों को होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास से गिरफ्तार किया गया।