देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामले
- फोटो : iStock
जनपद में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिले में चार और नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। रिसाला मंदिर के पास निवासी सभी एक ही परिवार सदस्य हैं। इनमें मां व बेटा भी शामिल हैं। अब जिले में कोविड-19 मरीजों की संख्या 65 हो गई है।
चिकित्सा विभाग द्वारा कोविड-19 संक्रमण की जांच के लिए शहर के मोहल्ला आजादपुरा स्थित रिसाला मंदिर के पास निवासी एक परिवार के चार सदस्यों के सैंपल लिए गए थे। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 80 वर्षीया वृद्धा और उसका 61 वर्षीय पुत्र संक्रमित पाए गए हैं। जबकि, परिवार की 30 वर्षीय दो महिलाएं भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं।
इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है और संक्रमितों के आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि, संपर्क वालों के सैंपल लेने के साथ ही उनके आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन के तहत कार्रवाई शुरू की जा रही है।
जिले में बुधवार को शहर के चार कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इनमें चारों एक ही परिवार के सदस्य हैं।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी
352 सैंपल जांच को भेजे, 341 की रिपोर्ट लंबित
बुधवार को कुल 352 सैंपल लिये गए, जिनमें से सात परिणाम निगेटिव और चार पॉजिटिव पाए गए। 341 परिणाम लंबित हैं। अब तक कुल 432 परिणाम प्राप्त हुए हैं। बुधवार को चार पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बताया गया कि जनपद में 15 जुलाई तक आरटीपीसीआर एवं ट्रू- नेट मशीन से कुल 9717 सैंपल लिए गए हैं, जिनमे से 8605 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 8545 निगेटिव व 64 पॉजिटिव हैं। इनमें चार व्यक्तियों का सैंपल जनपद के बाहर लिया गया था। तीन मृतक एवं 1112 परिणाम लंबित हैं। जनपद में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 48 हो गई है।
चार मरीज डिस्चार्ज
मेडिकल कॉलेज झांसी से वर्णी कॉलेज के पास निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट एवं सरदारपुरा निवासी कर अधिवक्ता के माता - पिता एवं भतीजे की पत्नी को स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। सभी अपने घर पहुंच गए, जहां मोहल्लेवालों व स्वजनों ने उनका फूल बरसाकर स्वागत किया।