यूपी एसटीएफ व सीपरी बाजार थाने की पुलिस ने 88 लाख के गांजे के साथ चार अंतर्राज्यीय तस्करों को पकड़ा। गांजा उड़ीसा से राजस्थान के धौलपुर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर एक टीम ने सोमवार को शिवपुरी-ग्वालियर हाईवे पर एक ट्रक रोका। पड़ताल करने पर उसमें से गांजा बरामद हुआ। ट्रक में सवार आगरा के मलपुरा निवासी सुधीर कुमार व धौलपुर के हरभान सिंह पुरा निवासी अमृत पाल ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से धौलपुर लेकर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि उड़ीसा के जनपद मलखान गिरी निवासी शेख जिलानी व राजस्थान के धौलपुर निवासी ज्ञानीराम उनके ट्रक को एक कार से गाइड करते आ रहे हैं। इस पर पुलिस के कहने पर अमृत पाल ने फोन कर कार सवारों को बुलाया।
मौके पर पुलिस टीम को मौजूद देख उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। ट्रक और कार से पुलिस ने 88 लाख रुपये मूल्य का 440 किलो गांजा बरामद किया।