- पत्नी ने प्रेमिका समेत उसकी मां पर लगाया आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रक्सा थाने के ढिकौली गांव में पीआरडी कर्मचारी रामबाबू के खुदकुशी करने के बाद पत्नी ने उसकी प्रेमिका समेत चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पत्नी का आरोप है कि प्रेमिका उसके पति का आर्थिक शोषण करती थी। इस वजह से उसके पति ने सुसाइड किया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ढिकौली गांव में 24 अप्रैल की रात को पीआरडी कर्मी रामबाबू ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उसको फंदे से लटका देख पत्नी संगीता ने शोर मचाया। परिजन उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए लेकिन, वहां उसने दम तोड़ दिया। इस दौरान भी पत्नी ने पाली गांव में रहने वाली उसकी प्रेमिका पर आरोप लगाए थे। पत्नी का कहना है कि उसका पति अक्सर अपनी प्रेमिका के घर जाता था। प्रेमिका और उसके घर वालों पर ही अपना पूरा वेतन खर्च करता था। सुसाइड करने के दिन भी आधी रात को रामबाबू अपनी प्रेमिका से मोबाइल पर बात कर रहा था। उसके बाद घर लौटकर उसने फांसी लगा ली। पत्नी संगीता की तहरीर पर पुलिस ने पाली गांव निवासी बृजेंद्र, पवन, विमला समेत आरोपी युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ स्नेहा तिवारी के मुताबिक मामले की छानबीन कराई जा रही है।