अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी के चार लोकतंत्र सेनानी शुक्रवार को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिए गए। वे देश के अन्य हिस्साें से आए लोकतंत्र सेनानियों के साथ प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान, दिल्ली पुलिस उन्हें पकड़कर अपने साथ ले गई।
आपातकाल हटने की 50वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को दिल्ली में संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच की ओर से जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा झांसी के लोकतंत्र सेनानी भी शामिल हुए थे। लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समकक्ष दर्जा देने की मांग को लेकर लोकतंत्र सेनानी जंतर-मंतर से कूच कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। सेनानी नहीं माने और आगे बढ़ने लगे। इस पर दिल्ली पुलिस ने 45 लोकतंत्र सेनानियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें झांसी के चार लोकतंत्र सेनानी वीरेंद्र साहू, राजेंद्र कुशवाहा, शिवाजी गुप्ता और घासीराम शामिल रहे। गिरफ्तार किए गए सभी लोकतंत्रसेनानियों को पुलिस अपने साथ कापाहेड़ा थाने ले गई। लोकतंत्र सेनानी गिरीश सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सेनानियों को पुलिस ने शाम को छोड़ा।