झांसी। दोहरी मंडी शुल्क नीति को लेकर गल्ला मंडी लगातार चौथे दिन बंद रही। इस दौरान गल्ला व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीड़ा बताई। वहीं मंडी बंद रहने से कारोबार को अब तक करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है। किसानों को उपज बेचने में दिक्कत हो रही है।
गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमेश गुप्ता, महामंत्री अमित अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारी मंडी शुल्क समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर 26 सितंबर तक हड़ताल पर हैं। व्यापारियों ने कहा कि अध्यादेश की घोषणा पांच जून को हुई थी। जिसे लेकर मंडी शुल्क की दोहरी नीति को समाप्त करने की मांग की जा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष महेश चंद्र राय ने कहा कि सरकार ने जब जीएसटी लागू किया था, तो एक देश, एक टैक्स की बात कही थी, लेकिन सरकार अपने वादे के मुताबिक काम नहीं कर रही है। प्रताप सिंह राठौर ने कहा कि चार महीने हो चुके हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई फैसला नहीं ले सकी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने भी मुख्यमंत्री को एक समान मंडी शुल्क को लेकर पत्र लिखा है। इस मौके पर रमेश चंद्र गुप्ता, हरभजन साहू, प्रमोद अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, बाल किशन तोला, सुबोध गुप्ता, दीनदयाल चौधरी, विशाल गेड़ा, विटोल राय, अमित साहू मौजूद रहे।