झांसी। बिजौली रेलवे स्टेशन के पास बंद हो चुकी बल्लमपुर क्रॉसिंग पर पटरियों के आसपास सुरक्षा का इंतजाम न होने के कारण प्रतिदिन ट्रेनों की चपेट में आने से जानवरों की मौत हो रही है। सोमवार की रात चार जानवरों की इंजन के चपेट में आने से मौत हो गई। इससे गांव वालों में रोष रहा।
बिजौली के पास क्रॉसिंग गेट नंबर 364 को बंद करके अंडरब्रिज बनाया जा रहा है। पिछले तीन साल से यहां काम चल रहा है, लेकिन पटरी के एक तरफ का काम ही काम पूरा हो सका है। अभी बल्लमपुर की तरफ काम चल रहा है। कार्य शुरू होने पर रेलवे ने पटरियों के आसपास फेंसिंग लगाई थी कि जानवर पटरियों की तरफ न जाएं। लेकिन एक साल में ही फेंसिंग चोरी हो गई। दोबारा जानवरों को रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। इस कारण जानवर पटरी पार करके एक तरफ से दूसरी तरफ जाते हैं, जिससे प्रतिदिन दो से तीन जानवरों की ट्रेन या मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने से मौत हो रही है। सोमवार की रात चार जानवरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पटरियों की तरफ जानवरों को ले जाना कानून अपराध है। रेलवे को कोई हानि होती है तो जानवर के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
जब तक अंडरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं होता है, तब तक रेलवे को यहां गेटमैन या दूसरे गार्ड की व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि पटरियों पर जानवर नहीं आ सके। जगजीवन राय, पूर्व प्रधान।
रेलवे ने दूसरी कई जगह जानवरों को पटरियों के पास आने से रोकने के लिए सीमेंट के खंभे व दूसरे इंतजाम कर रखे हैं। यहां पर भी यही व्यवस्था होनी चाहिए। रामजी लाल, प्रधान।
पटरियों पर प्रतिदिन जानवरों की मौत हो रही है। अभी तो ट्रैफिक बहुत कम है, जब सभी ट्रेनें चलने लगेंगी तो हालत और बिगड़ जाएंगे। भानु राय।
अंडरब्रिज का निर्माण शीघ्र हो जाए तो इस समस्या से निजात मिल जाएगी। मगर गांव वालों की सुनने वाला कोई नहीं है। अरविंद अहिरवार।