झांसी। कोराना वायरस के चलते जिले के होटलों पर विशेष निगाह है। पुलिस ने होटलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी विदेश या फिर बाहरी राज्य से व्यक्ति आए तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें। सूचना नहीं देने वाले होटल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन के क्षेत्र से समृद्ध झांसी और नजदीक स्थित ओरछा, खजुराहो घूमने के लिए सैकड़ों विदेशी जिले आते हैं। इन दिनों कोरोना वायरस का संक्रमणकाल चल रहा है। कुछ समय पहले ओरछा एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिकों में कोरोना के लक्षण मिल चुके हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन विदेशी नागरिकों को लेकर बेहद संजीदा है। विदेशी पर्यटक आने पर झांसी के होटलों में ही रुकते हैं। एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि होटलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी विदेशी या दूसरे राज्य से व्यक्ति आता है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को फोन करके इसकी सूचना दें। इसके अलावा पुलिस की रैपिड एक्शन टीम बनी हुई है। यह सूचना मिलने पर तुरंत होटल पहुंचेगी। इसके अलावा थानेदारों को भी निर्देश दिए हैं कि वह होटलों को संपर्क में रहें।