युवती ने पेट्रोल पिलाने का आरोप लगाया, अस्पताल में भर्ती
मोंठ। थाना क्षेत्र के के ग्राम बम्हरौली बाईपास के पास एक युवती ने कुछ लोगों पर पेट्रोल पिलाने का आरोप लगाया है। मंगलवार को थाना पूछ के ग्राम अमरोख निवासी युवती आनंदी परिहार ने डायल 112 को सूचना देते हुए बताया कि वह अपनी स्कूटी से अपने ग्राम अमरोख से बाजार करने मोंठ जा रही थी। तभी कुछ लोग उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह बम्हरौली बाईपास के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने उसकी स्कूटी रोककर पहिये से हवा निकाल दी। उसे जान से मारने के लिए पेट्रोल पिला दिया। पुलिस ने उसे मोंठ अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाल प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। कुछ लोगों का कहना है कि इसने पेशबंदी में आरोप लगाए हैं। रविवार को ग्रामीण का शव रेल की पटरी के पास मिलने पर उसके बेटे ने युवती के भाई पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया था। उसी वजह से वह पेट्रोल पिलाने का आरोप लगा रही है।