अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले खाद्य विभाग की टीम ने कांवड़ रूट समेत आसपास के 40 खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी स्टीकर चस्पा कर दिए हैं। स्टीकर पर दुकानदारों को नाम, पता, मोबाइल नंबर समेत कई जानकारी दर्ज करनी होगी। इस पर टोल फ्री नंबर भी लिखा हुआ है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को शासन की ओर से सौ से ज्यादा स्टीकर उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्टीकरों को खानपान की दुकानों पर लगाया जाना है। इसमें कांवड़ यात्रा के रूट की दुकानें भी शामिल हैं। विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी स्टीकर लगाने का काम शुरू हो गया है। बुधवार को भी टीम ने मऊरानीपुर मार्ग समेत कई दुकानों पर ये स्टीकर चस्पा किए। फूड सेफ्टी कनेक्ट एप संबंधी स्टीकर के जरिये ग्राहक संतुष्टि फीडबैक दे सकेंगे।
इस पर टोल फ्री नंबर 18001805533 भी लिखा हुआ है। कोई भी ग्राहक खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से असंतुष्ट होने पर इस टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। जिला अभिहित अधिकारी पवन चौधरी ने बताया कि विभागीय टीम ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और खाद्य सामग्री को ढंककर रखने के निर्देश दिए गए।