संवाद न्यूज एजेंसी
गरौठा। तहसील गरौठा क्षेत्र से मूंगफली का भूसा बाहरी ठेकेदारों द्वारा खरीदकर दूसरे क्षेत्रों में ले जाए जाने का क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने विरोध किया है। आपत्ति जताते हुए प्रधानों ने एसडीएम सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधानों का कहना है कि क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में शासन द्वारा गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में गोवंश संरक्षित हैं। ऐसे में यदि बाहरी ठेकेदार क्षेत्र का मूंगफली का भूसा खरीदकर बाहर ले जाते हैं तो आने वाले समय में गोशालाओं में गोवंश के भरण-पोषण के लिए भूसे का संकट खड़ा हो सकता है।
प्रधान संगठन के गुरसराय ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभान सिंह परमार ने कहा कि जब क्षेत्र की गोशालाओं में इसी क्षेत्र के गोवंश संरक्षित हैं, तो सबसे पहले उनके चारे की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। स्थानीय गोवंश के भरण-पोषण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों पर है। ऐसे में क्षेत्र का भूसा बाहरी लोगों द्वारा खरीदकर ले जाना गोशालाओं की व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।
ज्ञापन में मारकुआं, खड़ौरा, मथनिया, निमगहना, पसौरा, केदार ताई, खेरी और गुढ़ा सहित अन्य ग्राम पंचायतों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि यहां बाहरी ठेकेदारों मूंगफली का भूसा खरीदकर बाहर ले जा रहे हैं। ग्राम प्रधानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर प्रधान नरेंद्र कुमार शर्मा, चंद्रभान सिंह परमार, इंद्रपाल राजपूत, मनोज यादव, देवेंद्र यादव, अवध बिहारी गाता साहित कई प्रधान मौजूद रहे।