झांसी। थाना नवाबाद स्थित झोकन बाग में शोरूम के गोदाम से टायर चोरी कर बेचने वाले पांच शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोर इन टायरों को कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस ने कंपनी के आठ टायर भी बरामद किए हैं।
एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि झोकन बाग में आनंद टायर के नाम से शोरूम है। यहां पर खुशीपुरा निवासी अभिषेक यादव व ओरछा गेट निवासी शाहरूख कुरैशी काम करते हैं। गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनवाने के बाद गोदाम से टायर निकालकर कम कीमत पर बेचना शुरू कर दिए। इसकी जानकारी शोरूम मालिक को लगने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने अभिषेक व शाहरूख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों से पूछताछ के बाद नवाबाद पुलिस ने अभिषेक के भाई अमित यादव, ओरछा गेट निवासी वसीम कुरैशी, व तालिब को पकड़ा। सभी से पूछताछ में पता चला कि डुप्लीकेट चाबी बनवाने के बाद गोदाम से टायर निकालकर उसे ट्रक चालकों को बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आठ टायर भी बरामद किए। टीम में नवाबाद प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, मंडी चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह तक्खर, एसआई वेदप्रकाश, राजीव सिंह, कुलदीप मौजूद रहे।