झांसी। बड़ागांव गेट बाहर स्थित मुक्तिधाम के सामने अवैध रूप से बनीं 35 दुकानों को सील करने पहुंची जेडीए टीम को उस वक्त कामयाबी मिली जब दुकान स्वामी ने पांच लाख रुपये का चेक शमन के रूप में जमा कर दिया। जिसके चलते जेडीए टीम बिना सील करे ही लौट आई।
महानगर में बड़ागांव गेट बाहर संदीप सागर ने लगभग पैंतीस हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल में व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल करने के लिए पैंतीस दुकानों का निर्माण कराया था। जांच के दौरान झांसी विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी कर शमन शुल्क जमा करने का आदेश दिया था। स्वामी द्वारा लगातार नोटिस की अनदेखी की जा रही थी। शनिवार को झांसी विकास प्राधिकरण की टीम दुकानों को सील करने के लिए पहुंची तो संदीप सागर ने शमन शुल्क जमा करने के लिए समय देने की बात कही लेकिन जेडीए के कर्मचारियों ने एक नहीं सुनी तो मौके पर पांच लाख रुपये का चेक शमन शुल्क के रूप में जमा किया गया। जेडीए सचिव दिनेश ने बताया कि अवैध रूप से बनाई गई दुकानों को सील करने के आदेश जारी किए गए थे। जिसके तहत जेडीए की टीम सील करने के लिए पहुंची थी। मौके पर पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है। बाकि रकम दो दिन के भीतर जमा करने के आदेश दिए गए हैं।