झांसी। माताटीला बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी में बाढ़ आने से पानी बढ़ गया। इससे बरुआसागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उजयान गांव जलमग्न हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी में कई मगरमच्छ, सांप आदि बहकर आ गए हैं। जिसे देखकर दहशत का माहौल है। वहीं, इस संबंध में डीएफओ एमपी गौतम ने बताया कि अफवाह भी हो सकती है। वन रेंजर को भेजकर जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वन विभाग के सभी कर्मी लगातार संदिग्ध क्षेत्रों में देखरेख कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि किसी तरह का कोई भी वन्य जीव दिखे तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें।