झांसी। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के सचिव छोटेलाल वर्मा की पुत्री को साइबर अपराधी ने निशाना बनाया। उसने खाते में रकम डालने का झांसा देकर 31 हजार रुपये उड़ा दिए। शिकायत पर पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
शुक्रवार की शाम छोटेलाल वर्मा के पुत्र अजय के मोबाइल पर फोन कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसे उनके पिता के खाते में रकम डालनी है। इस पर अजय ने बहन अंजली के गूगल पे अकाउंट पर पैसे डालने के लिए कहा। साइबर क्रिमिनल ने बातों में लेकर एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा। जैसे ही लिंक क्लिक किया, अंजली के खाते से 31,056 रुपये निकल गए। इस पर अजय और अंजली ने साइबर ठग के नंबर पर फोन किया तो वह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। जानकारी होने पर अधिवक्ता संघ के सचिव छोटेलाल वर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।