झांसी। बाहर बड़ागांव गेट स्थित चंपा लॉज के पास नवरात्र में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है। मगर, मुहल्ले का एक प्रभावशाली व्यक्ति ने प्रतिमा को रखने को लेकर विवाद खड़ा कर रहा है। इस बात से नाराज मुहल्ले वाले कोतवाली पहुंच गए। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के बाहर बड़ागांव गेट स्थित चूना भट्टी चंपा लॉज के पास जयहिंद साहू परिवार के साथ रहते हैं। वह कई सालों से मुहल्ले वालों के साथ नवरात्र पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करते हैं। प्रतिमा भी उनका बेटा आकाश बनाता है। मगर, मंगलवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले एक प्रभावशाली परिवार ने उनसे कहा कि वह इस बार वह अपने घर के पास प्रतिमा स्थापित नहीं करेंगे। इससे कहासुनी होने लगी। प्रभावशाली परिवार गाली गलौज करने लगा। इससे अन्य मुहल्ले वाले भी नाराज हो गए। बाद में मुहल्ले वाले एकत्रित होकर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी गई। इस पर पुलिस ने प्रतिमा स्थापित करने से रोकने वाले व्यक्ति को थाने बुला लिया। देर शाम संबंधित व्यक्ति द्वारा प्रतिमा स्थापित करने में बाधा न बनने का लिखित आश्वासन देने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इस मौके पर अखिलेश साहू, अजय कुशवाहा, रमेश कुशवाहा, सोनू प्रजापति, रोहित, अनुराग, रानी कुशवाहा, मोहित प्रजापति, विनोद कुमार मौजूद थे।