संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। महानगर में पिछले दो महीने से हो रही बिजली कटौती से अब लोगाें के सब्र का बांध टूट रहा है। रोज सात घंटे हो रही कटौती ने दिक्कत बढ़ा दी है। पहले विभाग ने तार बदलने के नाम पर बिजली कटौती शुरू की। ये काम पूरा हो पाता तो अब अनुरक्षण माह शुरू कर दिया गया। इसमें ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत के नाम पर अलग-अलग फीडर पर चार से पांच घंटे की कटौती हो रही है। मंगलवार को महानगर के छह बड़े इलाकों के 30 हजार परिवारों ने सात घंटे बिजली संकट झेला। लोगों ने बिजली विभाग के कंट्रोल रूम में फोन भी लगाए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
मंगलवार को महानगर में बिजली विभाग द्वारा सात घंटे शटडाउन लिया गया। इससे लोगों के घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली से चलने वाले उपकरण नहीं चल पाए। मंगलवार को इंद्रा नगर, मिनर्वा चौराहा, अयोध्यापुरी, साईं बिहार, बड़ा बाजार, महेंद्रपुरी में बिजली संकट है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य अभियंता राजीव माहेश्वरी के मुताबिक अनुरक्षण एवं रिवैंप के काम के चलते बिजली कटौती की जा रही है। काम पूरा होने के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।
आज यहां होगी कटौती
महानगर का ईसाईटोला फीडर के इंद्रा नगर, न्यू रोड के मिनर्वा चौराहा, बालाजी फीडर के अयोध्यापुरी में सुबह 10 से 5 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इसके साथ ही अनुरक्षण कार्य के चलते केकेपुरी फीडर, हंसारी फीडर पर सुबह 11 से दो बजे तक काम कराया जाएगा। इससे नानकगंज, सिद्धेश्वर नगर, प्रेमगंज, आदर्श नगर, गोंदू कंपाउंड, मसीहागंज, चमनगंज आदि क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
-
बातचीत
24 घंटे बिजली देने का दावा करते हैं लेकिन मरम्मत के नाम पर कटौती कर लेते हैं। - मनीष द्विवेदी
बिजली विभाग जब सर्दियों में इतनी कटौती कर रहा है तो गर्मियों में तो परेशानी होगी। - इरफान
शटडाउन की जानकारी अगर पहले ही दें तो बिजली से संबंधित काम पहले ही निपटा लें। - संजीव कुशवाहा
रोस्टर के हिसाब से दावा करते हैं लेकिन बिजली 16 से 18 घंटे तक ही देते हैं। - तरुण कुशवाहा