झांसी। सीपरी बाजार थानांतर्गत कृष्णा एन्क्लेव नंदनपुरा में रविवार रात
बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक मकान के बाहर फायरिंग की। गोलियों की
तड़तड़ाहट से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर
पहुंचती तब तक बदमाश भाग गए। इस मामले की शिकायत करते हुए मकान स्वामी ने
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए हैं।
मकान स्वामी प्रवेश यादव पुत्र
जगदीश यादव ने बताया कि रविवार की रात करीब सवा नौ बजे दरवाजे पर बाइक सवार
दो नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने मकान के चारों तरफ देखा फिर गोलियां चलानी
शुरू कर दीं। इसके बाद दोनों भाग गए। गोलियों की आवाज से क्षेत्र में दहशत
फैल गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करके लौट गई।
उन्होंने बताया कि फायरिंग करने वाले बदमाशों के फुटेज सीसीटीवी में कैद हो
गए हैं, जिसकी सीडी पुलिस को सौंप दी गई है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि
नंदनपुरा के रंगबाज युवक अवैध वसूली करते हैं, जिसका विरोध करने की वजह से
कुछ लोगों से रंजिश मानते हैं। एसपी देहात दिनेश सिंह ने बताया कि
उन्होंने थानाध्यक्ष को प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
घर में घुसकर मारपीट करने वाले गिरफ्तार
झांसी।
नवाबाद थानांतर्गत कैमासन में घर में घुसकर मारपीट करने के दो आरोपियों को
पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिछले दिनों राम सिंह यादव ने
रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चार लोगों ने उनके साथ घर में घुसकर मारपीट की थी।
पुलिस ने मंगलवार को आनंद व प्रकाश निवासीगण कैमासन को गिरफ्तार कर जेल
भेज दिया।
घर में घुसकर पीटा, धमकाया
झांसी। प्रेमनगर थानांतर्गत
राज नगर में आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। गाली-गलौज देते हुए जान
से मारने की धमकी दी। धीरेंद्र बाबू शर्मा ने बताया कि विनोद राजपूत, राहुल
सेन, मुन्ना सेन, दिनेश सेन व चार अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज
करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।