झांसी। प्रधान पद के चुनाव प्रचार के दौरान सीपरी थाना क्षेत्र के भोजला गांव में दो प्रत्याशियों व उनके समर्थकों में हुए विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। एक प्रत्याशी के सशस्त्र समर्थकों ने दूसरे उम्मीदवार के घर हमला बोल कर गोलियां चलाईं, पथराव किया और लाठी डंडों से पिटाई की। इससे विपक्षी के परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घटना से गांव में दहशत है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। इस घटना की रिपोर्ट नौ लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है।
गांव भोजला से प्रधान पद के चुनाव में आनंद कुमार यादव की पत्नी गीता यादव प्रत्याशी हैं। वह शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के कृपाराम, नवल, ललन, लक्ष्मी नारायण, प्रेम विजय, रामकुमार, आनंद यादव के साथ जनसंपर्क करने चौपट्टा हरिजन बस्ती गईं थीं। वहीं, पर दूसरे पक्ष से चुनाव मैदान में उतरीं मिथलेश अपने समर्थक कल्लू, कैलाश, पप्पू, मुन्ना, मिथुन आदि के साथ पहुंच गईं।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर टकराव हो गया। गांव के लोगों के बीच बचाव करने पर उस समय तो मामला सुलझ गया लेकिन बाद में मिथलेश के पक्ष ने अपने पड़ोस में रहने वाले आनंद के परिवार के सदस्यों की पिटाई कर दी। राजपति पत्नी हरीमोहन, सविता पत्नी अशोक कुमार व खुशबू पुत्री अशोक कुमार की पिटाई करने के बाद आधा दर्जन से ज्यादा लोग असलाह, लाठी-डंडे आदि लेकर गीता के घर आ धमके।
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने गीता के घर के सामने गोलियां चलाईं। इससे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण चीख पुकार कर इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के दौरान हमलावरों ने पथराव व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान छर्रे लगने से आनंद कुमार यादव का पुत्र नीलू, भतीजा मोहित, भाई राम कुमार व लक्ष्मी नारायण घायल हो गए। वहीं लाठी व पत्थर लगने से शैलेंद्र पुत्र लखन जख्मी हो गए।
ग्राम भोजला में फायरिंग की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ सिटी व सीओ सदर के अलावा कई थानों का फोर्स लेकर गांव पहुंच गए। इस बीच हमलावर वहां से भाग निकले।
इस मामले में आनंद कुमार यादव की तहरीर पर थाना सीपरी बाजार में धनीराम यादव के पुत्र रिंकू यादव, अनिल यादव, हरचरन यादव के पुत्र धनीराम, कैलाश व मुन्ना, वान सिंह के पुत्र अशोक, अजीत व मिथुन और कैलाश के पुत्र राहुल के खिलाफ एकराय होकर हमला करके जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर सात सीएलए में भी कार्रवाई की गई है।
असलाह की तलाश के लिए गांव में पुलिस टीमें तलाशी ले रही हैं। आरोपियों को तलाश करके जल्द से जल्द जेल भेजा जाएगा।
- सुभाष चंद्र दुबे ,एसएसपी